• Home
  • News
  • Uttarakhand: Sensation after dead body of a young man was found in the bushes! Suspected of being made into a morsel by a henchman, one leg and head missing

उत्तराखण्डः झाड़ियों में युवक का शव मिलने से सनसनी! गुलदार द्वारा निवाला बनाए जाने का शक, एक पैर और सिर गायब

editor
  • Awaaz Desk
  • April 25, 2024 05:04 AM
Uttarakhand: Sensation after dead body of a young man was found in the bushes! Suspected of being made into a morsel by a henchman, one leg and head missing

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं पट्टी के नौखू गांव के एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक का शव गांव से लगभग एक किमी दूर झाड़ियां से मिला है, शव का सिर और एक पैर गायब था। ग्रामीणों का कहना है कि युवक को गुलदार ने अपना निवाला बनाया है। हालांकि कुछ ग्रामीण हत्या की भी आशंका जता रहे हैं। युवक बीते सोमवार से लापता चल रहा था। जानकारी के मुताबिक नौखू गांव निवासी अनिल सिंह (35) पुत्र बीरेंद्र सिंह गांव में अकेला रहता था और सोमवार को गहड़खाल बाजार में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब आठ बजे वह घर के लिए निकल गया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। मंगलवार को भी जब वह अपने घर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। युवक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई। बुधवार को ग्रामीणों को प्राथमिक विद्यालय गहड़खाल से 200 मीटर नीचे कपलखील पैदल मार्ग पर झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। शव का एक पैर और सिर गायब था। शव को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे किसी वन्यजीव ने उसे अपना निवाला बनाया है। ग्रामीण गुलदार होने की आशंका जता रहे हैं। राजस्व उप निरीक्षक प्रवीण कुमार चातुरी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव की पहचान अनिल सिंह के रूप में हुई है।


संबंधित आलेख: