उत्तराखण्डः रुद्रपुर में युवक की संदिग्ध मौत! परिजनों को हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरू की तहकीकात
रुद्रपुर। किच्छा रोड पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक रम्पुरा वार्ड नं. 24 निवासी लेखराज पुत्र रामदास शादी विवाह में खाना बनाने का काम करता था। गुरूवार को सुबह वह घर से काम के लिए निकला और देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। अब किच्छा रोड पर तीनपानी के पास एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हॉउस पहुंचाया। इस दौरान मृतक की शिनाख्त लेखराज पुत्र रामदास के रूप में हुई। मृतक की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। वहीं परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।