• Home
  • News
  • Uttarakhand: Teacher beats student for not doing homework! Incident sparks public outrage; demands for action raised.

उत्तराखण्डः होमवर्क नहीं किया तो शिक्षिका ने छात्रा को पीटा! घटना से लोगों में आक्रोश, कार्यवाही की उठी मांग

editor
  • Awaaz Desk
  • August 24, 2026 06:08 AM
Uttarakhand: Teacher beats student for not doing homework! Incident sparks public outrage; demands for action raised.

अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने विद्यालय की एक अतिथि शिक्षिका पर होमवर्क पूरा नहीं करने पर बेत से उसकी पिटाई करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद छात्रा के शरीर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। मामला सामने आने के बाद छात्रा के परिजनों के साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणों में भी आक्रोश है। उन्होंने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा को विद्यालय की ओर से होमवर्क दिया गया था। बताया जा रहा है कि छात्रा लगातार चार-पांच दिनों से होमवर्क पूरा करके विद्यालय नहीं ला रही थी। इसी बात को लेकर शिक्षिका ने छात्रा को डांटा। आरोप है कि डांटने के बाद शिक्षिका ने आपा खो दिया और छात्रा की बेत से पिटाई कर दी। परिजनों का आरोप है कि पिटाई के बाद छात्रा काफी देर तक रोती रही। विद्यालय की छुट्टी होने के बाद जब छात्रा रोते हुए घर पहुंची तो परिजनों ने उसके शरीर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान देखे। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए और मामले की जानकारी लेने के लिए विद्यालय पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के कुछ ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने छात्रा के साथ कथित मारपीट को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि विद्यालय में बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर किसी भी तरह की मारपीट स्वीकार नहीं की जा सकती। विद्यालय के प्रधानाचार्य मारकंडे शुक्ला ने बताया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार छात्रा पिछले चार-पांच दिनों से होमवर्क पूरा करके नहीं ला रही थी। इसी बात पर शिक्षिका ने उसे डांटा और उसके साथ मारपीट की।

उन्होंने कहा कि छात्रा को पीटना गलत है। प्रधानाचार्य के मुताबिक, छात्रा के परिजनों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। अब विभागीय स्तर पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी इसे गंभीरता से लिया है। खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा प्रेमा बिष्ट ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में अतिथि शिक्षिका द्वारा एक छात्रा की पिटाई किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। विद्यालय बंद होने के बाद घटना की जानकारी मिल पाई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि छात्रा की पिटाई किए जाने के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अतिथि शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग की जांच का इंतजार है। जांच के दौरान छात्रा, उसके परिजनों, विद्यालय के प्रधानाचार्य, संबंधित शिक्षिका और अन्य लोगों के बयान लिए जा सकते हैं। इसके साथ ही घटना की परिस्थितियों और छात्रा को लगी चोटों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चा है कि स्कूलों में बच्चों के साथ अनुशासन के नाम पर किसी भी तरह की शारीरिक मारपीट नहीं होनी चाहिए। परिजनों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में शिक्षिका की भूमिका कितनी रही और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।


संबंधित आलेख: