उत्तराखण्डः डरा रहे मौसम के तेवर! कई जिलों में भारी बारिश की संभावना, चमोली के नंदानगर में 16 घंटे बाद मलबे से जिंदा निकले 2 लोग
देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवर लगातार डरा रहे हैं। देहरादून और चमोली में बादल फटने की घटना के बाद लोग दहशत में हैं। इस बीच मौसम विभाग ने फिर से बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज शुक्रवार को सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिले के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश का येलो अलर्ट है। आने वाले दिनों की बात करें तो 24 सितंबर तक प्रदेशभर में हल्की बारिश होने की संभावना है।
इधर चमोली जिले में 17 सितंबर की रात नंदानगर क्षेत्र के कुंतरी, धुर्मा गांव में अतिवृष्टि से भारी नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार घटना में 12 लोगों के मलबे में लापता होने की संभावना जताई गई। जिसमें 2 व्यक्ति के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि दो व्यक्तियों का मलबे से सकुशल रेस्क्यू किया गया है। 8 व्यक्ति अभी भी लापता हैं,जिनके लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।