उत्तराखण्डः गुलदार का आतंक! रुद्रप्रयाग के जखोली में महिला को बनाया निवाला, दहशत में ग्रामीण
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में गुलदार का आतंक बदस्तूर जारी है, आए दिन अलग-अलग जगहों पर गुलदार के हमलों के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला रुद्रप्रयाग के जखोली से सामने आया है, यहां बीती रात गुलदार ने जयंती गांव में एक 59 वर्षीय महिला रुपा देवी पत्नी रमेश थपलियाल को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना है और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक गुलदार को आदमखोर घोषित नहीं किया जाएगा, महिला का शव नहीं उठाया जाएगा। इससे पूर्व देवल गांव में भी एक महिला को गुलदार ने निवाला बनाया था, जबकि कई लोगों पर जानलेवा हमला कर चुका है। इसके बाद भी वन विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। बता दें कि विकासखंड जखोली में विगत एक साल से गुलदार का आतंक बना हुआ है। पूर्व में गुलदार ने देवल गांव की एक महिला को अपना निवाला बनाया था। इसके अलावा गुलदार चार अन्य महिलाओं पर भी जानलेवा हमला कर चुका है। बीती देर शाम 6 बजे के करीब जयंती गांव में रूपा देवी अपने घर से 25 मीटर की दूरी पर खेत में काम कर रही थी। घात लगाए गुलदार ने महिला पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।