उत्तराखण्डः रुद्रपुर में चोरों का आतंक! बंद घर को बनाया निशाना, लाखों के जेवरात और नगदी लेकर हुए फरार
रुद्रपुर। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में मेडिकल स्वामी के बंद घर में चोरों ने धावा बोल कर लाखों के जेवरात सहित हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गंगापुर रोड स्थित विजय लक्ष्मी कालोनी में रहने वाले अमित छाबड़ा की खेड़ा मेन रोड पर भगवती मेडिकल स्टोर की दुकान है और उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। अमित छाबड़ा शनिवार की रात चिडियाखेड़ा रामपुर में बाला जी दरबार में गए थे। जब वो रात 3ः30 बजे वापस आये तो उनके घर के ताले टूटे हुए थे। घर में कई जगह खून के छींटे के साथ कई कपड़ों में भी खून लगा हुआ था। अमित ने बताया घर के दरवाजे में शीशा तोड़ने के दौरान चोर का हाथ कटा होगा जिससे घर में खून भी मिला और चोरों ने घर में रखे सोने की चैन, सोने की अंगूठी, घड़ी और 60 हजार रूपये की नगदी चोरी की गई। चोरों ने घर के फ्रिज में रखे फ्रूट की भी पार्टी कर ली और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर लेकर घर की छत से रस्सी के सहारे नीचे उतर कर भाग गए। वहीं रुद्रपुर के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।