• Home
  • News
  • Uttarakhand: The Daler Mehndi controversy travels from the Maa Kunjapuri fair all the way to Bollywood! Following questions raised by Cabinet Minister Subodh Uniyal, Mika Singh, Badshah, and Kapil Sharma have spoken up.

उत्तराखण्डः मां कुंजापुरी मेले से बॉलीवुड तक पहुंचा दलेर मेहंदी विवाद! कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के सवालों के बाद मीका सिंह, बादशाह और कपिल शर्मा ने उठाई आवाज

editor
  • Awaaz Desk
  • October 21, 2026 06:10 AM
Uttarakhand: The Daler Mehndi controversy travels from the Maa Kunjapuri fair all the way to Bollywood! Following questions raised by Cabinet Minister Subodh Uniyal, Mika Singh, Badshah, and Kapil Sharma have spoken up.

नरेंद्रनगर। उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में आयोजित प्रसिद्ध मां कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मनोरंजन जगत तक पहुंच गया है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से दलेर मेहंदी को डांटने और उनकी प्रस्तुति पर सवाल उठाने के बाद बॉलीवुड और संगीत जगत की कई हस्तियां उनके समर्थन में उतर आई हैं। दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह, रैपर बादशाह, कॉमेडियन कपिल शर्मा, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और गायिका हर्षदीप कौर समेत कई कलाकारों ने सार्वजनिक रूप से इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताई है। कलाकारों का कहना है कि किसी वरिष्ठ कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। विवाद उस समय शुरू हुआ, जब मां कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे। मंत्री ने गायक की प्रस्तुति पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि वह असहज नजर आ रहे थे और गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए जाने की बात भी कही। प्रस्तुति के दौरान उनके लड़खड़ाने को लेकर भी सवाल उठे। दलेर मेहंदी के समर्थन में उनके भाई मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया।

उन्होंने बताया कि दलेर पिछले दो वर्षों से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है। मीका ने शराब पीने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके भाई शराब नहीं पीते। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि कोई दलेर मेहंदी के शराब पीने की बात साबित कर दे, तो वह गाना छोड़ देंगे। मीका ने एक वरिष्ठ कलाकार के साथ हुए व्यवहार पर कड़ी नाराजगी भी जताई। रैपर बादशाह ने कहा कि दलेर मेहंदी की कला और संगीत जगत में उनके योगदान को लेकर असहमति हो सकती है, लेकिन किसी कलाकार को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना दुखद है। उन्होंने दिग्गज कलाकारों के सम्मान पर जोर दिया। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा ने दलेर मेहंदी की गंभीर सर्जरी का जिक्र करते हुए लोगों से दूसरों के प्रति संवेदनशील और दयालु रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों को यह पता नहीं होता कि सामने वाला व्यक्ति किस परिस्थिति से गुजर रहा है। गायिका हर्षदीप कौर ने भी दलेर मेहंदी को दिग्गज कलाकार बताते हुए कहा कि संभव है, उस दिन उनकी तबीयत ठीक नहीं रही हो। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी समेत अन्य हस्तियों के समर्थन के बाद यह मामला अब कलाकारों के सम्मान, सार्वजनिक व्यवहार और आयोजनों में जवाबदेही को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। कुंजापुरी मेले से शुरू हुआ यह विवाद अब उत्तराखंड से निकलकर मनोरंजन जगत में बहस का मुद्दा बन चुका है।


संबंधित आलेख: