उत्तराखण्डः दशहरे के दिन तय होगी बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि! होगा भव्य धार्मिक समारोह
देहरादून। आगामी 2 अक्टूबर को दशहरे के दिन बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि तय की जाएगी। इस दौरान बदरीनाथ मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दौरान धर्माधिकारी और वैदिक विद्वान, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पंचांग गणना के आधार पर तिथि तय होगी। इसके बाद बदरीनाथ धाम के रावल मंदिर के बंद होने की तिथि की औपचारिक घोषणा करेंगे। उक्त जानकारी बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की तरफ से दी गई है। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि उसी दिन कपाट बंद होने से पहले होने वाली पंज पूजाओं का कार्यक्रम, उद्धव और कुबेर जी के पांडुकेश्वर प्रस्थान और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी व भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ जी के नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ गद्दी स्थल के लिए प्रस्थान का मुहुर्त और कार्यक्रम तय किया जाएगा।