• Home
  • News
  • Uttarakhand: The enchanting white blanket of the Himalayas has vanished from Kausani! Snow on the mountains is now reduced to just a few thin streaks.

उत्तराखण्डः कौसानी से गायब हुई हिमालय की मनमोहक सफेद चादर! पहाड़ों पर महज कुछ धारियों में सिमटी बर्फ

editor
  • Awaaz Desk
  • November 24, 2026 11:11 AM
 Uttarakhand: The enchanting white blanket of the Himalayas has vanished from Kausani! Snow on the mountains is now reduced to just a few thin streaks.

कौसानी। प्रकृति की गोद में बसे और अपनी मनमोहक हिमालयी छटा के लिए विश्व प्रसिद्ध कौसानी से इस बार हिमालय की तस्वीर बदली-बदली नजर आ रही है। नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में जहां हर वर्ष हिमालय की चोटियां बर्फ की मोटी चादर से लकदक दिखाई देती थीं, वहीं इस साल बर्फबारी न होने के कारण ये चोटियां काले पठार जैसी नजर आ रही हैं। हिमालय के इस बदलते स्वरूप ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यावरणविदों की भी चिंता बढ़ा दी है। कौसानी से साफ दिखाई देने वाली पंचाचूली और नंदाकोट जैसी प्रमुख पर्वत श्रृंखलाएं, जो इन दिनों चांदी की तरह चमकती थीं, वहां अब बर्फ नदारद है और काले पहाड़ साफ दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, कपकोट क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। बर्फबारी की कमी और तापमान में बदलाव के कारण हिम रेखा लगातार पीछे खिसक रही है, जिससे ग्लेशियर के सिकुड़ने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासी विपिन जोशी ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले वर्षों में नवंबर के इस समय तक सामने के पहाड़ पूरी तरह सफेद हुआ करते थे, लेकिन फिलहाल उन पर बर्फ की महज कुछ ही धारियां बची हैं। उन्होंने कहा कि बीते कई सालों से हिमालय पर बर्फ की मात्रा लगातार घट रही है, जो भविष्य के लिए एक गंभीर संकेत है। इस पर्यावरणीय बदलाव पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. शिव प्रकाश राय का कहना है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण हो रहे जलवायु परिवर्तन का सीधा असर हिमालयी क्षेत्र पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वनों का कटान (डीफॉरेस्टेशन), बढ़ती जनसंख्या और पहाड़ों में तेजी से हो रहे अनियंत्रित निर्माण कार्यों में सीमेंट व रेत के अत्यधिक इस्तेमाल से स्थानीय तापमान बढ़ रहा है। डॉ. राय ने सुझाव दिया कि हिमालय के पारिस्थितिक तंत्र को बचाने के लिए अब पहाड़ों में पारंपरिक और इको-फ्रेंडली घरों के निर्माण को बढ़ावा देना बेहद जरूरी हो गया है।


संबंधित आलेख: