उत्तराखण्डः दीपावली के बाद जनता के बीच जायेगी सरकार! सीएम धामी ने ली उच्च स्तरीय बैठक, प्रभारी सचिवों और मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार को सीएम आवास पर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने कहा कि अभी तक प्रदेश भर में 52 फीसदी पैच वर्क का काम पूरा हो चुका है। बैठक के दौरान सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश भर में बचे 48 फीसदी पैच वर्क के काम को भी तेज गति से पूरा करे। हालांकि कुछ दिन पहले भी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि आगामी दीपावली त्योहार से पहले प्रदेश की सभी सड़के गढ्ढा मुक्त कर दी जाएं। जिसके बाद से ही प्रदेश भर में एक अभियान के रूप में सड़कों को गढ्ढा मुक्त किया जा रहा है। यही नहीं सीएम ने सभी जिलों के प्रभारी सचिवों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों का लगातार भ्रमण करते रहें। साथ ही जनता से संवाद स्थापित करें। इसके अलावा मुख्यमंत्री धामी के सचिव बंशीधर तिवारी ने जानकारी दी कि सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रभारी सचिवों के अलावा मंत्रियों को भी अपने-अपने जिलों में दो दिन के प्रवास पर भेजा जाएगा। इस दौरान वे न केवल योजनाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि जनता से सीधे संवाद भी स्थापित करेंगे। यही नहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी एक जिले में दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।