उत्तराखण्डः मौसम के तल्ख तेवरों ने फिर उड़ाई नींद! मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए जारी किया येलो अलर्ट, हाईवे पर फंसे दो हजार से अधिक तीर्थयात्री
देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवरों ने आमजन के साथ ही शासन-प्रशासन की टेंशन भी बढ़ा दी है। मौसम का मिजाज बदलते ही कल से ही राजधानी दून समेत कई जिलों में बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी में भारी बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे दो जगह बाधित है। इससे हाईवे पर दो हजार से अधिक तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। वहीं मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अगले तीन दिन हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बन रहे हैं।

देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी में बुधवार की रात को हुई भारी बारिश के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्गू गाड़ और सुनगर के बीच बाधित है। राजमार्ग को खोलने का कार्य चल रहा है। राजमार्ग के बाधित होने के कारण 2,000 से अधिक तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। इधर चिन्यालीसौड़ के कुमराडा ग्रामसभा के मंडरा थोला तोक में भूस्खलन होने के कारण एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ। मकान में रह रही 60 वर्षीय भट्टू देवी पत्नी जुरू लाल मलबे में दब गई। जबकि जुरू लाल को हल्की चोट आई है। अभी तक मलबे में दबी महिला को मलबे से नहीं निकाला जा सका है। यह घटना देर रात करीब 2:00 बजे घटित हुई है।