उत्तराखण्डः मौसम के तल्ख तेवरों ने बढ़ाई टेंशन! उफान पर नदी-नाले, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवर डरा रहे हैं। मानसून की दस्तक के साथ ही पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस बीच नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर भूस्खलन की खबरें सामने आई हैं। बारिश और भूस्खलन के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि प्रदेश में पिछले कई दिनों से अनेक स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश के कारण जहां सड़कें बंद हो रही हैं, वहीं कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड भी हो रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा कि बहुत भारी वर्षा होगी। मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक डॉ. स्वर्णाली ने बताया कि जम्मू रीजन, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ कई राज्यों के लिए ये अलर्ट है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी बारिश की चेतावनी को गंभीरता से लेने की जरूरत है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। खराब मौसम में नदियों के किनारे नहीं जाने को कहा गया है। पहाड़ों में हाईवे और संपर्क सड़कों पर सावधानी से यात्रा करने की सलाह भी दी गई है।