उत्तराखण्डः केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख तय! 22 अप्रैल को वृष लग्न में सुबह 8 बजे होंगे दर्शन! ऊखीमठ से निकलेगी चल उत्सव डोली
रुद्रप्रयाग। महाशिवरात्रि के पावन मौके पर आज केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि एवं समय की घोषणा हो गई है। आगामी 22 अप्रैल को वृष लग्न में बाबा केदारनाथ धाम के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ हेतु खोले जाएंगे। बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि की घोषणा हुई। भैरवनाथ पूजा 18 अप्रैल को की जाएगी। 19 अप्रैल को चल उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ स्थित शीतकालीन गद्दीस्थलस्थल से फाटा की ओर प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को गौरीकुंड में डोली रात्रि विश्राम करेगी। जिसके बाद 21 अप्रैल को चल उत्सव डोली केदारनाथ पहुंचेगी। इसके बाद 22 अप्रैल, बुधवार को सुबह आठ बजे वृष लग्न में भगवान केदारनाथ के कपाट खोले जाएंगे। बता दें कि बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि की घोषणा पूर्व में 23 जनवरी को हो चुकी है। 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट सुबह 6ः15 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुलेंगे। इसके अलावा गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा अभी नहीं हुई है। हालांकि अक्षय तृतीया के दिन ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलते हैं। साथ ही इसी दिन से चारधाम यात्रा का शुभारंभ होता है। इस साल अक्षय तृतीया का पर्व 19 अप्रैल को है।