• Home
  • News
  • Uttarakhand: The pain of the August disaster is fresh again! Two bodies recovered in Chenagad after two months.

उत्तराखण्डः अगस्त की आपदा का दर्द फिर हुआ ताजा! छेनागाड़ में दो माह बाद बरामद हुए दो शव

editor
  • Awaaz Desk
  • October 24, 2025 04:10 PM
Uttarakhand: The pain of the August disaster is fresh again! Two bodies recovered in Chenagad after two months.

रुद्रप्रयाग। छेनागाड़ में आई आपदा के दो माह बाद दो लोगों के शव बरामद हुए हैं, जबकि अभी भी 7 लोग लापता चल रहे हैं। घटना के बाद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ में बीती 28 अगस्त को आई आपदा में लापता हुए 9 लोगों में से 2 लोगों के शव बरामद हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ द्वारा छेनागाड़ में खुदाई के दौरान शुक्रवार को 2 शव बरामद हुए हैं। सूचना पर आपदा प्रबंधन, पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हो गई है। अभी तक एक शव की शिनाख्त हो पाई है। छेनागाड़ में लापता नौ लोगों की खोजबीन के लिए लगातार प्रशासन के निर्देशों पर लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ द्वारा मलबा हटाने का काम जारी था। अब मौसम बेहतर होने के कारण मलबा और पत्थर हटाने के काम में तेजी लाई गई। शुक्रवार को मलबा हटाते हुए लोक निर्माण विभाग को बड़े पत्थर के नीचे शव दिखाई देने का अंदेशा हुआ। इसके बाद तेजी से पत्थर को तोड़ने का काम किया गया, जिसके बाद मलबे में दबे दो शव बरामद हुए। बताया जा रहा है इस स्थान पर और शव होने की भी संभावना है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि छेनागाड़ में आपदा के दो माह बाद दो शव बरामद हुए हैं। अभी तक एक शव की शिनाख्त कुलदीप सिंह पुत्र बीरबल सिंह ग्राम उछोला भोर उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। जबकि दूसरे शव का पैर मिला है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। बता दें कि बीते अगस्त माह में बसुकेदार क्षेत्र में बादल फटने से छेनागाड़ बाजार का अस्तित्व खत्म हो गया था, जबकि आस-पास के इलाकों में आवासीय भवन और मवेशियों को भारी नुकसान पहुँचा था। छेनागाड़ में बादल फटने से नौ लोग लापता हो गए थे, जिनकी ढूंढखोज जारी थी।


संबंधित आलेख: