उत्तराखण्डः फिर बदलने वाला है मौसम का मिजाज! चार दिन भारी बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखण्ड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है, मौसम विभाग के मुताबिक चटक धूप और गर्मी से बने निम्न दबाव के कारण प्रदेश में पांच से आठ अक्तूबर तक एक बार फिर तेज दौर की बारिश होने की संभावना है। खासकर छह और सात अक्तूबर को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी है। इसके बाद बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पोस्ट मानसून के बाद उत्तराखंड में बारिश होती है लेकिन निम्न दबाव का क्षेत्र बनने और पश्चिमी विक्षोभ के मिलने से मानसून की पूरी तरह से विदाई नहीं हो पाई और तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में तेज दौर की बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को देहरादून समेत बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।