उत्तराखण्डः देहरादून के सबसे बड़े अस्पताल में चोरी! AC के कंप्रेशर उड़ा ले गए चोर, अस्पताल प्रबंधन और पुलिस सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
देहरादून। राजधानी देहरादून के सबसे बड़े दून अस्पताल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चोर बीती रात एसी के एक नहीं बल्कि आठ कंप्रेशर उड़ा ले गए और किसी को कानों-कान ख़बर तक नहीं हुई। दून अस्पताल का ये पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी चोर पानी की टैप जैसी चीजें चुराकर ले जा चुके हैं। शहर के बीचों-बीच दून अस्पताल में चोरी से जहां अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई है वहीं पुलिस सुरक्षा पर भी एक सवाल खड़ा हो जाता है, क्योंकि जहां से कंप्रेशर चुराए गए हैं वो मोर्चरी के कंप्रेशर हैं और मोर्चरी का काम ठप्प हो गया है और महज कुछ ही दूरी पर पुलिस के जवान भी रहते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बन जाती हैं। दून अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि घटना के बारे में पुलिस से शिकायत कर दी गई है और जल्द ही इसका खुलासा हो जाएगा।