उत्तराखंड को 14 अप्रैल को मिलेगी बड़ी सौगात: पीएम मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण
देहरादून। उत्तराखंड के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 14 अप्रैल को देवभूमि के दौरे पर आ सकते हैं। इस प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने अपनी तैयारियां युद्धस्तर पर तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री इस दौरान बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करने के साथ ही राज्य की कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री के इस दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण 213 किलोमीटर लंबा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे है। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी महज ढाई घंटे में सिमट जाएगी, जिसमें वर्तमान में 5 घंटे से अधिक का समय लगता है। लोकार्पण समारोह को भव्य बनाने के लिए मार्ग के सौंदर्यीकरण और लाइटिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इस संबंध में स्पष्ट संकेत दिए हैं, हालांकि पीएमओ से आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना अभी शेष है। एक्सप्रेस-वे के अलावा प्रधानमंत्री टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट का भी लोकार्पण करेंगे। साथ ही, राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की योजना और चंपावत जिले में बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना का शिलान्यास किए जाने की भी प्रबल संभावना है। ये परियोजनाएं कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों के लिए गेम-चेंजर साबित होंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आगमन सदैव राज्य के लिए लाभदायक सिद्ध होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन बड़ी परियोजनाओं से प्रदेश की आर्थिकी और पर्यटन को नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि यह दौरा पहले 4 अप्रैल को प्रस्तावित था, जिसे चुनावी व्यस्तताओं के कारण अब 14 अप्रैल के लिए निर्धारित किया गया है। संबंधित विभाग अब कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा को साकार करने में जुटे हैं।