उत्तराखंड के पर्यटन को लगे पंख: पशुलोक बैराज में सी-प्लेन का सफल ट्रायल,अब लहरों से होगी उड़ान
ऋषिकेश। उत्तराखंड में पर्यटन और आधुनिक जल परिवहन की दिशा में सोमवार को एक यादगार उपलब्धि हासिल हुई। यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन (जल विमान) का सफल ट्रायल किया गया। सुबह करीब 11 बजे हुए इस ट्रायल को प्रदेश में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।ट्रायल के सफल होने पर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। सी-प्लेन सेवा की शुरुआत से उत्तराखंड के उन दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों तक पर्यटकों की आसान पहुंच संभव हो सकेगी, जहां सड़क मार्ग या पारंपरिक हवाई सेवाएं पहुंचना चुनौतीपूर्ण है। गंगा, यमुना, टिहरी झील और अन्य जल संसाधनों का बेहतर उपयोग होते हुए पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता में भारी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सी-प्लेन सेवा से राज्य में हाई-एंड टूरिज्म को मजबूत बढ़ावा मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अनोखा और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही आपदा प्रबंधन में भी यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी। बाढ़, भूस्खलन या अन्य आपदाओं के समय राहत सामग्री पहुंचाने और बचाव कार्यों को तेज गति देने में सी-प्लेन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां इस परियोजना को आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के रूप में देख रही हैं। यदि आगे की प्रक्रिया भी सकारात्मक रही तो आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जलाशयों, बैराजों और नदियों पर नियमित सी-प्लेन सेवा शुरू की जा सकती है। इससे उत्तराखंड को पर्यटन मानचित्र पर एक नई और अनोखी पहचान मिलेगी। ट्रायल के सफल होने से स्थानीय युवाओं और व्यवसायियों को भी रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना बढ़ गई है। होटल, गाइड, बोटिंग और पर्यटन संबंधी अन्य गतिविधियों में वृद्धि होगी। यह सफल ट्रायल देवभूमि उत्तराखंड को विश्व स्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हुई हैं कि ट्रायल रिपोर्ट के आधार पर कब और कहां-कहां नियमित सी-प्लेन सेवा शुरू की जाती है। पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन ट्रायल की सफलता ने न केवल पर्यटन विभाग बल्कि पूरे उत्तराखंड को नई ऊंचाई देने का संकेत दिया है। यह पहल राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यटकों को यादगार अनुभव प्रदान करने वाली साबित होगी।