• Home
  • News
  • Uttarakhand: Tragedy strikes in Sitarganj! A SIDCUL employee, waiting for a bus to head to work, was struck by an unidentified motorcyclist and died.

उत्तराखण्डः सितारगंज में रफ्तार का कहर! ड्यूटी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे सिडकुल कर्मी को अज्ञात बाइक सवार ने मारी टक्कर, मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • November 24, 2026 11:11 AM
Uttarakhand: Tragedy strikes in Sitarganj! A SIDCUL employee, waiting for a bus to head to work, was struck by an unidentified motorcyclist and died.

हल्द्वानी/सितारगंज। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज स्थित कल्याणपुर चौराहे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय सिडकुल कर्मी की जान चली गई। ड्यूटी जाने के लिए कंपनी की बस का इंतजार कर रहे युवक को एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का हैंडल युवक की पसलियों में जा धंसा और वह उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल कर्मी ने हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितारगंज के ग्राम सिसौना निवासी शैलेंद्र कुमार वर्मा सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर कल्याणपुर चौराहे पर कंपनी की बस पकड़ने के लिए खड़े थे। इसी बीच सड़क पार करते समय एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में शैलेंद्र को सितारगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शैलेंद्र की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा हर्षित नैनीताल से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी ईशु सितारगंज के ही एक स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा है। मंगलवार सुबह हल्द्वानी मोर्चरी में मेडिकल चौकी पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।


संबंधित आलेख: