उत्तराखण्डः मसूरी-देहरादून मार्ग पर दर्दनाक हादसा! अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी बाइक, एक की मौके पर ही मौत
मसूरी। मसूरी में आज एक बड़ा हादसा हो गया, यहां मसूरी-देहरादून मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मसूरी में पेंट-पुताई का काम करने जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोल्हू खेत चौकी पुलिस और राजपुर थाना की टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। हादसा गलोगी के पास हुआ, जहां हाल ही में सड़क किनारे पुश्ते का निर्माण कार्य चल रहा है। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बमुश्किल खाई से पिता-पुत्र को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अशफाक अहमद पुत्र फारूक अहमद, निवासी रायपुर अधोवाला, जैन प्लॉट, देहरादून के रूप में हुई है। घायल का नाम फैजान अहमद है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।