उत्तराखण्डः टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा! बनलेख के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी टैक्सी
चंपावत। उधम सिंह नगर जिले के चकरपुर से बांस पिथौरागढ़ जा रही एक टैक्सी के टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में चंपावत के बनलेख के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तथा 3 यात्री घायल हो गए। जिन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूके 03 टीए 5045 स्विफ्ट कार बनलेख के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से खाई से निकाल कर सड़क तक पहुंचाया। इसके अलावा महिलाओं ने झाड़ी काटकर आने जाने लायक रास्ता बना कर घायलों को निकालने में सहायता की। दुर्घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी विपिन पन्त के नेतृव में पुलिस व रेस्क्यू टीमों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस हादसे में नरेंद्र राम पुत्र हेमराम निवासी ग्राम बास की मौत हो गई, जबकि हरिराम, रोहित कुमार तथा जमन राम घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल हरिराम को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। सूचना पर डीएम मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे तथा दुर्घटना का जायजा लिया। उन्होंने सीएमओ चंपावत को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।