उत्तराखण्डः हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा! तेज रफ्तार ट्रक ने किशोर को रौंदा, पसरा मातम
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम हल्द्वानी से सामने आया है, यहां एक किशोर की मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद किशोर के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक गौरीलाल मूल निवासी रायपुर टांडा हाल निवासी पनचक्की में अपने परिवार के साथ रह कर खेत बटाईदार का काम करता है। बीते सायं उसका बड़ा बेटा ललित और छोटा बेटा अर्जुन गैस सिलेंडर लेकर मुखानी से पनचक्की की ओर लौट रहे थे। नहर कवरिंग सड़क में जगदम्बा नगर मंदिर के पास बने गड्ढे से बचने के लिए ललित ने बाइक को कट किया तो बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान अर्जुन छिटक कर सड़क पर गिर गया, जिससे वह पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रक की चपेट में आ गया। इस दौरान घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आनन-फानन में भाई और आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक मिक्सर ट्रक को कब्जे में लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।