उत्तराखण्डः रुड़की में आमने-सामने आए दो पक्ष! देखते ही देखते निकल आए हथियार, युवक की मौत से इलाके में तनाव
रुड़की। रविवार देर रात रुड़की में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गयी। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी आनन-फानन मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में दो पक्षों की पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले दोनों पक्षों के बीच में क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। जो विवाद आज बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जिसमें दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल रुड़की लेकर पहुंची। जहां एक युवक सद्दाम को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कई गंभीर लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।