• Home
  • News
  • Uttarakhand: UKSSSC paper leak case! Youth protest in Dehradun; Rudraprayag youth demand cancellation of exam and submit memorandum

उत्तराखण्डः यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण! देहरादून में युवाओं का हल्ला-बोल, रुद्रप्रयाग के युवाओं ने परीक्षा निरस्त न किए जाने की उठाई मांग, सौंपा ज्ञापन

editor
  • Awaaz Desk
  • September 26, 2025 05:09 AM
Uttarakhand: UKSSSC paper leak case! Youth protest in Dehradun; Rudraprayag youth demand cancellation of exam and submit memorandum

देहरादून। उत्तराखण्ड में इन दिनों यूकेएसएसएससी पेपर लीक को लेकर घमासान मचा हुआ है। इस दौरान जहां राजधानी देहरादून में युवा लगातार धरना प्रदर्शन कर मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग उठा रहे हैं। वहीं इस मामले में सियासत भी लगातार गरमाती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस और यूकेडी ने भी मामले को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और प्रदेशभर में पेपर लीक को लेकर युवाओं में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। इधर रुद्रप्रयाग के युवाओं ने जिलाधिकारी से मुलाक़ात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर परिणाम शीघ्र घोषित करने व परीक्षा निरस्त न किए जाने का अनुरोध किया है। युवाओं ने ज्ञापन में कहा कि उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा दिनांक 21 सितम्बर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा जनपद रुद्रप्रयाग में पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई थी। जनपद के समस्त परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दी, परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा कड़े प्रबंध किए गए थे, जिनमें मेटल डिटेक्टर से चेकिंग, पुलिस बल की तैनाती तथा कक्ष निरीक्षण आदि शामिल थे। हम सभी अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया का अनुभव किया। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि परीक्षा उपरांत कुछ भ्रामक समाचारों एवं अपने निजी स्वार्थ से कुछ व्यक्तियों द्वारा परीक्षा की छवि को धूमिल किया जा रहा है। यह कृत्य न केवल हम अभ्यर्थियों के परिश्रम के साथ अन्याय है बल्कि हमारे भविष्य को भी संकट में डालने वाला है। ज्ञापन देने वालों में अमित चमोली, अनिल बिष्ट, संदीप रावत, शिवानी मलासी, आशा गैरोला, मोहित, श्रुति, अंकित कंडारी, रक्षा डंगवाल आदि थे।


संबंधित आलेख: