• Home
  • News
  • Uttarakhand: Uproar at Jauljibi Mela inauguration escalates! FIR registered against six individuals, including a Congress MLA; CM Dhami targets the Congress party.

उत्तराखण्डः जौलजीबी मेला उद्घाटन में हंगामे ने पकड़ा तूल! कांग्रेस विधायक समेत छह पर एफआईआर दर्ज! सीएम धामी ने कांग्रेस को घेरा

editor
  • Awaaz Desk
  • November 15, 2026 12:11 PM
Uttarakhand: Uproar at Jauljibi Mela inauguration escalates! FIR registered against six individuals, including a Congress MLA; CM Dhami targets the Congress party.

पिथौरागढ़। ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जौलजीबी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए धारचूला के कांग्रेस विधायक एवं मेला समिति के अध्यक्ष हरीश सिंह धामी समेत छह लोगों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, इस पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे कांग्रेस के चाल, चरित्र और व्यवहार का प्रतिबिंब बताया है। गौरतलब है कि 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया था। जनसभा को संबोधित करने के बाद जब मुख्यमंत्री मंच से रवाना हुए, तो स्थानीय विधायक हरीश धामी इस बात से नाराज हो गए कि उन्हें मंच पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया और न ही उनकी बात सुनी गई। आरोप है कि इसी नाराजगी में विधायक और उनके समर्थक मंच पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी व अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान समझाने पहुंचे पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न की गई। घटना के विरोध में देर शाम स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने जौलजीबी कोतवाली पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और विधायक हरीश धामी व उनके समर्थकों के विरुद्ध तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर विधायक हरीश सिंह धामी, राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत केस दर्ज किया है। जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले के शुभारंभ अवसर पर हुए इस घटनाक्रम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का ऐसा आचरण पहले भी कई स्थानों पर देखने को मिला है और जौलजीबी में जो कुछ हुआ, उसे पूरा उत्तराखंड देख रहा है।


संबंधित आलेख: