• Home
  • News
  • Uttarakhand: Uproar in Haridwar over the Ankita Bhandari chat controversy! Jan Adhikar Party and UKD activists surround Vinod Arya’s residence; clash with police.

उत्तराखण्डः हरिद्वार में अंकिता भंडारी चैट विवाद को लेकर बवाल! जन अधिकार पार्टी और यूकेडी कार्यकर्ताओं ने घेरा विनोद आर्य का आवास, पुलिस से झड़प

editor
  • Awaaz Desk
  • November 18, 2026 11:11 AM
Uttarakhand: Uproar in Haridwar over the Ankita Bhandari chat controversy! Jan Adhikar Party and UKD activists surround Vinod Arya’s residence; clash with police.

हरिद्वार। अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद उपजा राजनीतिक और सामाजिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद बुधवार को जन अधिकार पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने आर्य नगर स्थित मुख्य आरोपित पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आवास के आसपास भारी बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। इस दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें बाद में कुछ दूरी पर ले जाकर रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के साथ कार्यकर्ता आर्य नगर चौक से पैदल मार्च निकालते हुए नारेबाजी करते हुए विनोद आर्य के घर के बाहर पहुंचे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। हेमा भंडारी ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी से जुड़ी चैट सार्वजनिक करने के पीछे मामले से जुड़े कथित वीआईपी को बचाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि विनोद आर्य के पास चैट से जुड़े साक्ष्य हैं, तो केवल अंकिता की चैट सामने लाने के बजाय पुलकित आर्य और स्वयं विनोद आर्य की चैट भी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि पूरा सच जनता के सामने आ सके। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ विनोद आर्य के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई करने की भी पुरजोर मांग उठाई। दूसरी ओर, यूकेडी नेता सरिता पुरोहित ने भी इस कृत्य पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने मांग की कि अंकिता प्रकरण से जुड़ी चैट सार्वजनिक कर जांच को प्रभावित करने के प्रयास में विनोद आर्य के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो यूकेडी कार्यकर्ता अपना आंदोलन जारी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर इसे और उग्र किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते 15 नवंबर को विनोद आर्य ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अंकिता भंडारी केस से जुड़ी कुछ चैट सार्वजनिक की थीं और मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए थे, जिसके बाद से ही पूरे प्रदेश में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं।


संबंधित आलेख: