उत्तराखण्डः देहरादून के तिब्बती मार्केट में पुलिस कार्रवाई का वीडियो वायरल, एसएसपी ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश
देहरादून। राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में नगर निगम द्वारा घोषित ‘नो वेंडिंग जोन’ में पुलिस की कार्रवाई के दौरान बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही, अनुचित व्यवहार या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, तिब्बती मार्केट के आसपास का क्षेत्र नगर निगम देहरादून द्वारा पहले से ही ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में रेहड़ी, ठेली अथवा अन्य अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति नहीं है। प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों और ठेलियों को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों की ड्यूटी पर तैनात एक उप निरीक्षक से कहासुनी और बहस हो गई। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। मामला चर्चा में आने के बाद देहरादून पुलिस ने स्वयं इसका संज्ञान लिया और एसएसपी के निर्देश पर पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी किए। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाएगी। वायरल वीडियो के साथ-साथ मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की ओर से अनुचित व्यवहार, अधिकारों का दुरुपयोग या लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं यदि कार्रवाई नियमानुसार की गई पाई जाती है तो उससे संबंधित तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।