उत्तराखण्डः भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज! नेता प्रतिपक्ष के बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने किया पलटवार, छात्रवृत्ति घोटाले को लेकर कही बड़ी बात
देहरादून। उत्तराखण्ड में एक बार फिर भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज हो चली है। भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी लगातार एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस दौरान जहां नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया है वहीं उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता रवीन्द्र जुगरान ने आर्य को ही सबसे बड़ा दलित विरोधी बताया है।
गौरतलब है कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा था कि भाजपा दलितों का शोषण करती है। इसपर भाजपा प्रवक्ता रवींद्र जुगरान ने तंज कसते हुए कहा कि यशपाल आर्य 5 साल भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और भाजपा ने उनको और उनके पुत्र संजीव आर्य को सम्मान दिया। दोनों ही पिता पुत्र बीजेपी के टिकट पर जीत कर आए और एक कैबिनेट मंत्री बने।
उन्होंने कहा कि यशपाल आर्य राजनीतिक मौसम वैज्ञानिक हैं जो दलबदल करते रहते हैं। उनको जब लगता है कि जिस पार्टी की सत्ता रही है तो वह उधर शिफ्ट हो जाते हैं। अब इस बार उनका पूर्वानुमान गलत निकला। उनको यह लगा था कि कांग्रेस सत्ता में आने वाली है इसलिए बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में चले गए। वह एक स्वार्थी आदमी है और सबसे ज्यादा नुकसान अनुसूचित जाति का अगर किसी ने किया है तो वह यशपाल आर्य ने ही किया है। कहा कि जब वह समाज कल्याण मंत्री थे तब छात्रवृत्ति घोटाला उनके संरक्षण में हुआ और छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपी उनकी बगल में बैठते थे। छात्रवृत्ति घोटाले के बड़े आरोपियों को उनका संरक्षण प्राप्त था।