उत्तराखण्डः नए साल पर बदलेगा मौसम का मिजाज! कई जिलों में बारिश की संभावना, कोहरे को लेकर अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखण्ड में नए साल पर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने का अंदेशा जताया है। साथ ही कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत जिले में हल्की बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। वहीं 3000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून में कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना भी जताई है। इस दौरान उधम सिंह नगर, देहरादून और नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस का अंदेशा जताया गया है, जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है।