उत्तराखण्डः जाने-माने सिंगर जुबिन नौटियाल ने श्रीनगर में जमाई महफिल! गीतों पर थिरके लोग, बिखेरा आवाज का जादू
श्रीनगर। बृहस्पतिवार देर शाम श्रीनगर के रामलीला मैदान में जाने-माने सिंगर जुबिन नौटियाल के गीतों की धूम मची। इस दौरान श्रीनगर युवा मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गायक जुबिन नौटियाल ने विभिन्न गीतों की प्रस्तुति दी, जिसपर लोग झूमते नजर आए। इस दौरान जुबिन नौटियाल ने युवाओं से संवाद कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करने को प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवाओं से मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर विकास के नाम पर वोट की अपील की। इससे पहले जुबिन नौटियाल के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पूरा मंच जुबिन-जुबिन के शोर से गूंज उठा। श्रीनगर में देर शाम आयोजित कार्यक्रम के दौरान गायक जुबिन नौटियाल ने ‘मेरी चौखट पर चलके आज चारों धाम आए हैं...’, ‘मेरी मां के बराबर कोई नहीं..., ‘तुझे कितना चाहें और हम...’, ‘त्वेन चिट्ठी किलै नि भेजी...’ आदि गीत गाये। इस दौरान उन्होंने स्थानीय युवा कलाकार स्व. निक्की उनियाल को ‘जब कोई बात बिगड़ जाए, जब कोई मुश्किल पड़ जाए...’ गीत गाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जुबिन को सुनने के लिए युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया।