Uttarakhand: पति के शराब पीने की आदत से परेशान हुई पत्नी! सुसाइड के लिए शक्ति नहर में लगाई छलांग, देवदूत बनकर पहुंची SDRF की टीम
देहरादून। विकासनगर के डाकपत्थर डिग्री कॉलेज के सामने एक महिला ने सुसाइड करने के लिए शक्ति नहर में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बचा लिया। दरअसल महिला कई घंटों से शक्ति नहर के किनारे बैठी थी और तनाव में थी। जैसे ही एसडीआरएफ की टीम को सूचना मिली तो किसी अनहोनी की आशंका के चलते वह शक्ति नहर के किनारे पहुंची। तभी महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ की टीम के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए नहर में डूबती इस महिला को बचा लिया। नहर से निकलने के बाद रोती बिलखती महिला ने बताया कि उसका पति रोजाना घर शराब पीकर आता है, जिसकी वजह से घर में कलह रहता है। इसी वजह से उसने शक्ति नहर में डूबकर अपनी जान देने का फैसला किया था। बरहाल पुलिस ने डूबती महिला की जान बचाने के बाद मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और महिला को परिजनों को सौंप दिया गया है।