• Home
  • News
  • Uttarkashi: Administrative staff busy in preparations for the arrival of Prime Minister Modi! District Magistrate held a big meeting with officials

उत्तरकाशीः प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारियों में जुटा प्रशासनिक अमला! जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की बड़ी बैठक

editor
  • Awaaz Desk
  • February 01, 2025 11:02 AM
Uttarkashi: Administrative staff busy in preparations for the arrival of Prime Minister Modi! District Magistrate held a big meeting with officials

उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फरवरी माह में मुखवा-हर्षिल आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रधानमंत्री के संभावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू होने की जानकारी देते हुए उन्हें शीतकालीन यात्रा में आने का आमंत्रण दिया था।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड में शीतकालीन आध्यात्मिक यात्राओं को प्रोत्साहित करने की जरूरत पर बल देते हुए इस दिशा में राज्य में उठाए गए कदमों की सराहना की थी और उत्तराखंड को अपना दूसरा घर बताते हुए शीतकालीन यात्रा का हिस्सा बनाने की इच्छा को अभिव्यक्त किया था। प्रधानमंत्री ने राज्य में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं रेखांकित करते हुए देशभर के युवाओं से उत्तराखंड के आतिथ्य का अधिकाधिक आनंद उठाने का आह्वान किया था। 
ऐसा माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री फरवरी माह में उत्तरकाशी जिले के सीमांत मुखवा गांव स्थित गंगा जी के शीतकालीन प्रवास स्थल स्थित गंगा मंदिर में दर्शन-पूजन कर शीतकालीन यात्रा में प्रतिभाग कर सकते हैं। जिला प्रशासन के स्तर पर प्रधानमंत्री के संभावित भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने और विभिन्न तैयारियां को लेकर कवायद तेज कर दी गई है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सीमांत क्षेत्र के वाईब्रेंट विलेज हर्षिल में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही हैं। मुखवा में पार्किंग व रास्तों के निर्माण तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े अनेक कार्य कराए जा रहे हैं। इस क्षेत्र में सड़कों को दुरस्त किए जाने के साथ ही क्रश बैरियर्स की स्थापना, सड़कों के किनारें पर दीवालों व पैराफिट निर्माण जैसे सुरक्षात्मक कार्य भी संपन्न कराए जा रहे हैं। क्षेत्र में पानी जमने के कारण पेयजल लाईन क्षतिग्रस्त होने की समस्या के समाधान हेतु करीब 5 किमी लंबाई के एचडीपीई पाईप बिछाए जाने का कार्य भी प्रगति पर है। बिजली की सुचारू व निर्बाध आपूर्ति के लिए पुराने पोल व लाईन बदलने के साथ ही अन्य वैकल्पिक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे है। क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन एवं टॉयलेट्स व्यवस्था को लेकर भी काम किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने केन्द्र व राज्य सरकार के विभिन्न विभागों व संगठनों के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की जिला प्रशासन के स्तर से प्रस्तावित प्रारंभिक रूपरेखा की जानकारी दी और विभिन्न विभागोें के स्तर पर चल रही तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन पर प्रस्तावित कार्यक्रम समूचे राज्य के शीतकालीन पर्यटन को बढावा देने पर केन्द्रित होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आगमन पर सेना, आईटीबीपी, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान व पर्यटन विभाग के सहयोग से सीमांत क्षेत्र के लिए ट्रैकिंग अभियान एवं माउंटेन बाईक, एटीवी व आरटीवी रैलियों का आयोजन किया जाना भी प्रस्तावित है।


संबंधित आलेख: