• Home
  • News
  • Vijay Diwas: A celebration of valor and honor in Uttarakhand! CM Pushkar Singh Dhami honored brave women and veterans.

विजय दिवसः उत्तराखण्ड में शौर्य और सम्मान का उत्सव! सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

editor
  • Awaaz Desk
  • December 16, 2025 09:12 AM
Vijay Diwas: A celebration of valor and honor in Uttarakhand! CM Pushkar Singh Dhami honored brave women and veterans.

देहरादून। देशभर में आज विजय दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों को नमन किया जा रहा है। उत्तराखण्ड में भी विजय दिवस पर तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर नारियों को सम्मानित किया। गांधी पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह में सीएम धामी ने 1971 के युद्ध में शामिल पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा आज गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में उत्तराखंड के सैनिकों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और भीषण युद्ध हालातों के बावजूद दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया था। इन जांबाज सिपाहियों की बहादुरी का ही नतीजा था कि पाकिस्तान को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी और बांग्लादेश के रूप में एक नए राष्ट्र का जन्म हुआ। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड को वीरभूमि यूं ही नहीं कहा जाता। सेना में यहां के जवानों की भागीदारी और बलिदान पीढ़ी दर पीढ़ी चले आ रहे हैं। यहां की लोक संस्कृति, लोकगीत और कहानियां आज भी उन वीर सपूतों की शौर्य गाथाओं से भरी पड़ी हैं, जिन्होंने 1971 के युद्ध में देश के मान सम्मान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। 1971 का भारत-पाक युद्ध उत्तराखंड के लिए सिर्फ इतिहास का एक अध्याय नहीं बल्कि बलिदान, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की अमर पहचान है, जो आने वाली पीढ़ियों को देश के लिए जीने मरने की प्रेरणा देती रहेगी। वहीं देहरादून गढ़ी कैंट में मौजूद चीड़ बाग शौर्य स्थल पर 1971 भारत पाक जंग के शहीदों को याद किया गया। इस मौके पर राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मातृभूमि की रक्षा करने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


संबंधित आलेख: