देवभूमि में 70 विधानसभा सीटों पर मतदानः ऊधम सिंह नगर जिले के मतदाताओं में खासा उत्साह! जिले में अब तक सबसे ज्यादा वोट पड़े, हरिद्वार दूसरे नंबर पर
देहरादून। देवभूमि उत्तराखण्ड की 70 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हुई और यह सिलसिला लगातार जारी है। इस दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोग पोलिंग बूथों पर पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करने के लिए आतुर नजर आए। वहीं राज्य में कई जगहों पर ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी के चलते शुरूआत में दिक्कतें आईं लेकिन बात में परेशानी का निदान होने के बाद बूथों पर मतदान शुरू हो गया। शुरूआती दौर में देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा में कई बूथ पर ईवीएम मशीनें खराब होने की खबर है। आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे तक राज्य में 5.15 प्रतिशत लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके थे। राज्य में अब तक सबसे ज्यादा 6.64 प्रतिशत मतदान उधम सिंह नगर जिले में हुआ है, जबकि हरिद्वार में दूसरे नंबर पर 6.39 प्रतिशत और देहरादून में तीसरे नंबर पर 5.68 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं देहरादून के सहसपुर एरिया में बूथ नंबर 203 पर मतदान प्रक्रिया के दौरान पोलिंग अधिकारी को हार्ट अटैक आने की खबर है।