रुद्रपुर जिला अस्पताल में पानी की किल्लत, मरीज और तीमारदार से लेकर स्टाफ तक सब परेशान! बाजार से पानी खरीदने को मजबूर हुए लोग
उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। लगातार बढ़ रही गर्मी से जहां जंगल धधक रहे हैं वहीं पेयजल आपूर्ति भी पूरी तरह लड़खड़ाती दिख रही है। बात ऊधम सिंह नगर जिले की करें तो यहां कई जगहों पर पानी को लेकर लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भी जल संकट गहराने लगा है। यहां जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल में मरीज, तीमारदार और हॉस्पिटल पानी के लिए खासी परेशानियों का सामना कर रहा है। यहां पिछले कई दिनों से पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से वार्डोंं में भर्ती मरीजों के साथ उनके परिजनों को दिक्कतें रही है।
जब इस मामले की तहकीकात करने के लिए आवाज इंडिया की टीम अस्पताल परिसर पहुंची तो पता चला कि कई दिनों से अस्पताल में पानी की मोटर खराब पड़ी है, लेकिन उसे कोई देखने वाला नहीं है। पानी की किल्लत के चलते मरीजों, तीमारदारों और हॉस्पिटल प्रबंधन को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। पेयजल किल्लत के चलते वार्डों में बने शौचालयों की सफाई भी नहीं हो पा रही है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने नगर निगम रुद्रपुर से इस समस्या के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाते हुए पानी की टंकी मंगाई है, लेकिन इससे भी पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है।
सूत्रों की मानें तो नगर निगम से जो पानी की टंकी मंगवाई जा रही है उसमें से पानी भरने को लेकर स्टाफ और तीमारदारों में जमकर तकरार हो रही है। वहीं अस्पताल में तीसरी मंजिल पर एडमिट मजीरों और उनके परिजनों को सबसे ज्यादा पानी की परेशानी झेलनी पड़ रही है। शौचालयों की सफाई नहीं होने से वार्डो में बदबू भी फैल रही है। बता दें कि यह करीब 250 बेड का अस्पताल है। वहीं 150 से भी ज्यादा का स्टाफ है। हर दिन यहां ओपीडी रहती है।
आवाज इंडिया की टीम से बात करते हुए मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि वे कई दिनों से अस्पताल में है, लेकिन पानी की कमी से कई तरह की समस्याएं हो रही है। अस्पताल में पीने का पानी तो जैसे-तैसे मिल जाता है लेकिन शौचालयों में पानी नहीं होने से मरीजों और तीमारदारों को खासी परेशानी हो रही है। लोग पानी की किल्लत के चलते बाजार से बोतलबंद पानी खरीद कर लाने की मजबूर हो रहे है।