उत्तराखण्ड में दिखा योगी मॉडल! पूजा हत्याकाण्ड के आरोपी के घर चला बुलडोजर, पुलिस और प्रशासन ने ध्वस्त किया मकान
सितारगंज। उधम सिंह नगर में आज योगी मॉडल देखने को मिला। यहां जिला और पुलिस प्रशासन ने पूजा हत्याकांड के आरोपी के पिता के घर को बुलडोजर से ढहा दिया। यूपी में अक्सर यह देखने को मिलता रहा है कि पुलिस और प्रशासन द्वारा अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनके मकान और संपत्ति को ध्वस्त कर दिया गया। अब ऐसी ही कार्रवाई सितारगंज के गौरीखेड़ा में भी देखने को मिली। जहां पूजा मंडल के हत्यारोपी मुस्ताक अहमद के पिता अली अहमद के घर को पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर बुलडोजर की मदद से ढहा दिया। प्रशासन के मुताबिक आरोपी के पिता ने एसटी वर्ग के एक व्यक्ति की जमीन पर कब्जा करके यह मकान बनाया था और शिकायत होने के बाद प्रशासन ने कब्जा धारक को नोटिस भी जारी किया था। लेकिन नोटिस मिलने के बाद भी कब्जा धारक ने जब अवैध निर्माण नहीं हटाया तो आज प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से बड़ी कार्रवाई कर दी।