• Home
  • News
  • International Yoga Festival Kicks Off in Muni Ki Reti; Yoga Practitioners Arrive from Across the Country and Abroad

मुनिकी रेती में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ, देश-विदेश से पहुंचे योग साधक

  • Tapas Vishwas
  • March 16, 2026 12:03 PM
International Yoga Festival Kicks Off in Muni Ki Reti; Yoga Practitioners Arrive from Across the Country and Abroad

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के निकट टिहरी जनपद के मुनिकी रेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का शुभारंभ हो गया है। यह महोत्सव आगामी 22 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में योग साधक भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। महोत्सव के दौरान योग साधकों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। साथ ही उन्हें राज्य के पारंपरिक उत्पादों का स्वाद भी चखाया जाएगा।

महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऋषिकेश और आसपास का क्षेत्र लगातार अंतरराष्ट्रीय योग की राजधानी के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी  के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनिकी रेती अब विश्व के नक्शे पर एक उभरती हुई आध्यात्मिक नगरी के रूप में पहचानी जा रही है। योग महोत्सव में योग के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने के लिए भी कलाकार पहुंचे हैं और सरकार उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में गंगा कॉरिडोर तथा आर्थिक नगरी की योजनाओं पर भी कार्य कर रही है। गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सीवरेज शोधन संयंत्रों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और सतपाल महाराज ने कहा कि योग महोत्सव का उद्देश्य लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। योग से शरीर निरोगी रहता है और भारतीय योगाचार्यों को विदेशों में भी रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। गंगा तट पर शुरू हुए इस अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव को लेकर प्रदेशवासियों और योग साधकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष का महोत्सव योग, संस्कृति और आध्यात्मिकता का एक यादगार संगम साबित होगा।


संबंधित आलेख: