लोकसभा में हंगामा! पीएम मोदी का भाषण टला, विपक्ष के शोर-शराबे के बीच सदन की कार्यवाही कल तक स्थगित
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में आज बुधवार को भी जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। एक तरफ जहां राहुल गांधी अपने चीन सीमा विवाद वाले मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं, वहीं सरकार की तरफ से इसका जवाब दिया जा रहा है। इसी बीच एक दिन पहले भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर भी विपक्ष सरकार पर निशाना साथ साध रहा है। एक दिन पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया और आज वे लोकसभा में भी इस मुद्दे पर बोलने के लिए खड़े हुए। इस दौरान विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया। वहीं कई सांसद वेल में भी आ गए, इसपर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि विपक्षी सांसद मर्यादा तोड़ रहे हैं। इधर लोकसभा में लगातार तीसरे दिन भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज शाम पांच बजे से लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई और पीएम का संबोधन टल गया। हंगामे के कारण पीठासीन संध्या राय ने शाम पांच बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, पीपी चौधरी से बोलने के लिए कहा। विपक्षी सदस्य तख्तियां लेकर वेल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के शोर में पीठासीन ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी। वहीं राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। राज्यसभा में पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर स्टेटमेंट दिया। विपक्ष ने इस पर आपत्ति की और एक दिन पहले संसद के बाहर उनके बयान को लेकर सवाल उठाया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा में पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी की निंदा वाली किताबें लहराए जाने का मुद्दा उठाया। लोकसभा की कार्यवाही शाम 5 बजे शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सांसद पोस्टर लेकर आसन के पास पहुंच गए। कांग्रेस, टीएमसी और समाजवादी पार्टी के कुछ सदस्य तेजी से बीजेपी सांसदों के पास भी पहुंच गए। विपक्षी सदस्यों ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, अनुराग ठाकुर और अश्विनी वैष्णव से बात करनी शुरू की। दीपेंद्र हुड्डा और ज्योतिमणि पोस्टर्स के साथ रिजिजू के पास पहुंचे थे। बात बढ़ती देख संध्या राय ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की अजीब घटना
वहीं आज बुधवार को सदन के गेट पर राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री बिट्टू के बीच नोकझोंक हुई। संसद के गेट के बाहर राहुल गांधी के साथ कांग्रेस सांसद हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की अजीब घटना सामने आई। राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। जिसका वीडियो भी सामने आया है। दरअसल जब राहुल गांधी प्रदर्शन कर रहे पार्टी के सांसदों के साथ खड़े थे तो इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को आते देख गद्दार दोस्त कहा, जिसके बाद बिट्टू ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी को देश का दुश्मन बताया। हुआ यूं कि जब केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू संसद के मकर द्वार पर विरोध कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजरे, तो लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उनको दूर से देखकर कहा कि देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है। इनका चेहरा देखो। इसके बाद बिट्टू के पास आने पर राहुल गांधी ने उनसे हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ बढ़ाया और कहा नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे। राहुल गांधी के इस व्यवहार को देखकर बिट्टू ने उनसे हाथ मिलाने से मना कर दिया और पलटवलार करते हुए उनको देश का दुश्मन कह डाला। बिट्टू ने कहा कि उनका देश के दुश्मनों से कोई वास्ता नहीं है। जुबानी जंग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।