नजाति समागम में प्रतिभाग करने पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, पौणा नृत्य के साथ हुआ भव्य स्वागत,भोटिया समाज ने पहनाया पारंपरिक दोखा
चमोली। पुष्कर सिंह धामी चमोली जनपद के बेड़ूबगढ में आयोजित जनजाति समागम में प्रतिभाग करने पहुंचे, जहां पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पीपलकोटी के सेमलदाला मैदान में उतरा, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल बेड़ूबगढ पहुंचे। समागम स्थल पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ‘पौणा नृत्य’ प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने लोकधुनों पर नृत्य कर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर भोटिया जनजाति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक ऊनी परिधान ‘दोखा’ पहनाकर सम्मानित किया। यह परिधान क्षेत्र की पहचान और जनजातीय संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनजातीय परंपराएं राज्य की सांस्कृतिक धरोहर का अहम हिस्सा हैं और सरकार इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने जनजातीय समुदायों के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनजाति समागम के माध्यम से सरकार और जनजातीय समाज के बीच संवाद को और मजबूत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री की इस यात्रा को जनजातीय समुदाय के साथ सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।