नैनीतालः फायर सीजन से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन! ड्रोन और फायर लाइन तकनीक से आग पर काबू पाने की रणनीति, किया मॉक ड्रिल
नैनीताल। आगामी फायर सीजन को देखते हुए नैनीताल में वनाग्नि की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मनोरा पीक और छकाता रेंज क्षेत्र में वन विभाग ने एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जंगलों में आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, संसाधनों के बेहतर उपयोग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान कर्मचारियों को फायर लाइन काटने की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे जंगल की आग को फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही ड्रोन और इंटरनेट आधारित संचार प्रणाली के उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया, ताकि आग की सटीक लोकेशन और स्थिति की निगरानी की जा सके। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि फायर लाइन तैयार करने से आग को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि फायर सीजन के दौरान किराए के वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे टीम समय पर घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पा सके और किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।