ऊधम सिंह नगरः शक्तिफार्म में आंचल दूध फैक्ट्री का विरोध तेज! पट्टा निरस्त होने से परिवारों पर गहराया संकट, बोले- न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन
सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र के ग्राम सभा राजनगर में चार बंगाली परिवारों की जमीन के पट्टे निरस्त किए जाने के बाद उसी भूमि पर आंचल दूध फैक्ट्री स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस फैसले के विरोध में स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए हैं। परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से इस भूमि पर रहकर जीवन-यापन कर रहे थे, लेकिन अब अचानक पट्टा निरस्त होने से उनके सामने रोजगार और आवास का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कहा कि वह कई सालों से यहीं रहकर काम कर रहे थे। अब हमारे पास न घर बचा है और न ही रोज़गार। हम न्याय चाहते हैं। जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा और पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं होगी, तब तक हमारा धरना जारी रहेगा। सरकारी योजना के तहत यहां आंचल दूध फैक्ट्री स्थापित की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अब देखना होगा कि प्रभावित परिवारों को पुनर्वास और मुआवजे को लेकर क्या राहत मिलती है और धरना प्रदर्शन का क्या समाधान निकलता है।