विजिलेंस का बड़ा एक्शन: बिजली कनेक्शन के नाम पर 80 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार
देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अतुल कुमार नामक आरोपी जेई को 80 हजार रुपये की अवैध धनराशि लेते हुए पकड़ा गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है। सतर्कता अधिष्ठान देहरादून के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अधिकारी पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात था। उस पर आरोप है कि उसने एक उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में नया बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के नाम पर 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत विजिलेंस से की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। जैसे ही आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सतर्कता अधिष्ठान के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल है या नहीं। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में खलबली मच गई है और अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है। विजिलेंस टीम ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। लोगों के सहयोग से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।