धामी सरकार का कुनबा बढ़ा: सात और नेताओं को मिले दायित्व, 48 घंटों में 21 नियुक्तियां पूर्ण
देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने सांगठनिक सामंजस्य और क्षेत्रीय संतुलन को साधते हुए रविवार को दायित्वधारियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। सरकार ने विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में सात और भाजपा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को ही 14 नेताओं को दायित्व बांटे गए थे, जिसके बाद अब कुल नियुक्तियों की संख्या 21 पहुंच गई है।
रविवार को जारी ताजा सूची के अनुसार, राव खाले खां को किसान आयोग का सदस्य बनाया गया है। योगेश रजवार को बाल संरक्षण आयोग, दीप प्रकाश नेवलिया को समाज कल्याण अनुश्रवण समिति, और मनोज गौतम को अनुसूचित जाति आयोग में सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। महिलाओं और पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व को मजबूती देते हुए प्रेमलता को महिला आयोग, रूचि गिरी को अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राजपाल कश्यप को अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद में बतौर सदस्य नियुक्त किया गया है। सरकार ने इस बार गढ़वाल और कुमाऊं के बीच संतुलन बनाने की पूरी कोशिश की है। देहरादून से कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सीमांत जिले चंपावत से हरिप्रिया जोशी (महिला आयोग) और मुकेश महराना (चाय विकास सलाहकार परिषद) को स्थान मिला है। वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक वर्मा और भावना मेहरा के साथ-साथ टिहरी से विनोद सुयाल (युवा कल्याण परिषद), चमोली से प्रेम सिंह राणा (जनजाति आयोग) और काशीपुर से सीमा चौहान (मत्स्य विकास प्राधिकरण) को भी महत्वपूर्ण पदों पर नवाजा गया है। जड़ी बूटी सलाहकार समिति में सोना सजवाण और अल्पसंख्यक आयोग में बलजीत सोनी की नियुक्ति से सरकार ने सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया है। इन नियुक्तियों के माध्यम से धामी सरकार ने आगामी चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और जमीनी स्तर पर सरकार की पकड़ मजबूत करने का स्पष्ट संकेत दिया है।