बिहारः कांग्रेस को लगा बड़ा झटका! पूर्व मंत्री डॉ. अशोक कुमार राम ने थामा जेडीयू का दामन, बेटे और समर्थकों सहित हुए शामिल

पटना। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में जहां सियासी हलचल तेज है, वहीं राजनीतिक दल बड़े चेहरों को अपनी तरफ खींचने की जुगत में लगे हैं। इस बीच कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. अशोक कुमार राम अपने बेटे अतिरेक कुमार और अन्य समर्थकों के साथ जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण करने के बाद वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने सीएम आवास पहुंचे। सीएम नीतीश कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। जानकारी के मुताबिक कृष्णा अल्लावरू को बिहार कांग्रेस का प्रभारी और राजेश राम को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से डॉ. अशोक कुमार राम पार्टी के अंदर असहज महसूस कर रहे थे। वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष थे। डॉ. अशोक कुमार राम छह बार विधायक भी रह चुके हैं। वे बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इस अवसर पर डॉ. अशोक राम ने कहा कि आज का दिन मेरे जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आज से समय में बिहार को नतीश कुमार की पहले से ज्यादा जरूरत तो ऐसे में मेरा कर्तव्य बनता है कि उनका साथ दें और उनको मजबूती प्रदान करेंगे। मेरे पिता स्वर्गीय बालेश्वर राम जी की समता पार्टी के गठन में अहम भूमिका रही। नीतीश कुमार और जॉर्ज फर्नाडीस के साथ मिलकर समता पार्टी का गठन किया गया था। हम सब साथ मिलकर एक बार फिर बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।